
हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाना प्रदेश सरकार का लक्ष्य : हर्षवर्धन
सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम से जन समस्याओं का हो रहा त्वरित निपटारा
नारग में “सरकार गांव के द्वार” कार्यक्रम में 160 आवेदन, 81 मामलों का मौके पर निराकरण
ख़बरनामा : राजगढ़
सिरमौर जिला के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के नारग में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के अवसर पर आज कुल 160 आवेदन प्राप्त हुए। जिसमें 120 मांगे और 40 शिकायतें थी, इनमें से 81 मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया तथा शेष मामलों को सम्बन्धित विभागों को शीघ्र निपटारे के लिए प्रेषित किया गया है।
उद्योग, श्रम एवं रोजगार तथा संसदीय मामले मंत्री हर्ष वर्धन चौहान ने सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा ही विकास को राजनैतिक चश्मे से देखती रही है। हमारी सरकार संसाधनों को जुटाने की कोशिश कर रही है जबकि हमें केन्द्र सरकार की मदद नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आई आपदा से हुये भारी नुकसान की भरपाई प्रदेश सरकार ने अपने संसाधनों की है। उन्होंने कहा कि मोदी जी हिमाचल को अपना घर कह कर छलते रहे हैं, हिमाचल को उन्होंने कोई भी पैसा नहीं दिया, वह चुनाव में तो आएंगे पर हिमाचल में आपदा में नहीं आये।
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि एक साल का कार्यकाल ज्यादा नहीं होता, जिस त्रासदी से एक साल में हमारी सरकार गुजरी है ऐसा पहले कभी देखने को नहीं मिला। इस त्रासदी में करीब 500 लोगों की जाने गई हैं। उन्होंने कहा कि आपदा से क्षतिग्रस्त मकानों का मुआवजा 1.30 लाख रुपये से 7 लाख रुपये किया गया। प्रदेश में कुल 4500 करोड़ रुपये सरकारी और निजी संपति के नुसान की भरपाई सरकार ने अपने संसाधनों की है
उद्योग मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू साधारण परिवार से हैं और सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण स्तर तक जनता से संवाद उनकी दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं जिसमें जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है।
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार आम आदमी, गरीब आदमी की सरकार है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने शासन काल में सिरमौर में सड़कों की हालत बुरी तरह बिगड़ गई थी, कोई भी सड़क पक्की नहीं है, जाते-जाते 900 सरकारी कार्यालय बिना बजट के भाजपा ने खोल दिये। उन्होंने कहा कि दूसरे विधानसभा क्षेत्रों की तरह पच्छाद मंे भी संपूर्ण विकास कार्य चल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पुरानी पैंशन बहाल करके 1.36 लाख कर्मचारियों को सुरक्षित और सुखी जीवन प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों में भाजपा ने केवल 20 हजार भर्तियां ही की जबकि हमारी सरकार ने पहले ही साल में 20 हजार पदों को भरने की स्वीकृति दी है। उन्होंने कहा कि 6500 शिक्षा विभाग तथा 4500 कर्मियों की भर्तियां जल शक्ति विभाग में की जा रही हैं। इसी प्रकार प्रदेश में वन रक्षकों की 2160 भर्तियां की जा रही है जबकि 1200 पुलिस कांस्टेबल तथा 900 पटवारियों की नियुक्तियां की जा रही हैं।
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि लोगों की अनेक समस्यायें हैं जो कि भाजपा सरकार से हमें विरासत में मिली हैं। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प हिमाचल को आत्म निर्भर बनाने का है और हम इसी लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनी तो उस समय 75000 करोड़ रुपये का ऋण प्रदेश पर था जबकि 11 हजार करोड़ रुपये की देनदारियां तो प्रदेश के कर्मचारियों की हैं।
प्रदेश सचिव कांग्रेस कमेटी दयाल प्यारी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष आनंद परमार, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष रणधीर पंवार, उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा, पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष कांग्रेस समिति जय प्रकाश चौहान, उपाध्यक्ष कांग्रेस समिति मुनीलाल पंवार, जोन अध्यक्ष विजेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष कांग्रेस सेवा दल हरदेव राणा, अध्यक्ष युवा कांग्रेस वीरेंद्र जालटा, पंचायती राज संस्थाओं के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी जिला व अन्य गणमान्य लोग भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।