
विकास एक निरंतर प्रक्रिया है हमारा लक्ष्य सिर्फ विकास है : विनय कुमार
विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने नौहराधार में सुनी जनसमस्याएं
ख़बरनामा : संगड़ाह
विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के अपने चार दिवसीय प्रवास कार्यक्रम के दौरान नौहराधार स्थित विश्राम गृह परिसर में क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनी।
इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि व स्थानीय लोगों ने उपाध्यक्ष से मुलाकात की तथा क्षेत्र की सामूहिक व व्यक्तिगत समस्याएं उनके समक्ष रखी।
विधानसभा उपाध्यक्ष ने इनमें से अधिकांश समस्याओं का निपटारा मौके पर किया तथा कुछ समस्याओं को सम्बंधित विभागों को तुरंत निराकरण के लिये सौंप दिया। विनय कुमार ने उन्हें तीसरी बार विधायक चुनने पर श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने श्री रेणुका जी क्षेत्र को विधानसभा उपाध्यक्ष जैसे गरिमापूर्ण पद प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार प्रकट किया है।
विनय कुमार ने कहा कि पद नाम के लिए नहीं मिलता बल्कि काम के लिए दिया जाता है। उन्होंने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त किया कि उनके द्रारा रखी गई सभी मांगो को वह समय-समय पर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री के समक्ष गम्भीरता से उठाएंगे।
विधानसभा उपाध्यक्ष ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की ओर से प्राप्त होने वाली समस्याओं का समय पर निराकरण करना सुनिश्चित बनाये। उन्होंने कहा कि आपदा से प्रदेश को भारी नुक्सान हुआ जिसकी भरपाई प्रदेश सरकार ने अपने संसाधनों से की है और प्रदेश की कठिन वित्तीय संकट के बावजूद भी राज्य सरकार ने आपदा प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिये धन की कोई कमी नहीं होने दी।
विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने देवामानल व भराड़ी में 12-12 लाख रुपए की लागत से निर्मित पटवार भवनों के लोकार्पण किये। विनय कुमार ने देवामानल शिरगुल देवता मंदिर में जाकर माथा टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने देवामानल व भराड़ी में भी लोगों को संबोधित किया और जन समस्याएं सुनी।
इस मौके पर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष तपेन्दर चौहान, प्रदेश कांग्रेस सदस्य यशपाल चौहान, बीडीसी अध्यक्ष तेजेंद्र कमल, महासचिव मेत्र सिंह, ज़ोन अध्यक्ष नौहराधार स्वर्ण सिंह नेगी, यूथ अध्यक्ष रेणुका जी अजय भारद्वाज, सचिव यूथ कांग्रेस ओ.पी. ठाकुर एसडीएम संगडाह सुनील कायथ, तहसीलदार रमन ठाकुर, बीडीओ चिराग शर्मा के अलावा अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण राकेश, अधिशासी अभियन्ता जल शक्ति मुनीश शर्मा, सहित अन्य विभाग के अधिकारी व कांग्रेस पदाधिकारी एवं क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।