
गारेंटी होगी पूरी, प्रदेश की पात्र महिलाओं को जल्द मिलेंगे 1500-1500 रुपये : प्रतिभा सिंह
प्रदेश में आई आपदा के कारण पूरी नहीं हो पाई घोषणा
ख़बरनामा ब्यूरो
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा है कि प्रदेश सरकार शीघ्र ही पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये देना शुरु करेगी। इस पर प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। सांसद प्रतिभा सिंह करसोग के राम लीला मैदान में महिला जागरूकता सम्मेलन को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रही थीं।
करसोग में आयोजित सम्मेलन में एक हजार से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान प्रतिभा सिंह ने आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर भी बात कही। उन्होंने महिलाओं से कांग्रेस पार्टी के पक्ष में समर्थन देने का आह्वान किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि महिलाओं को 1,500-1,500 रुपये देने की घोषणा को पूरी करने में देरी का कारण प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा है। प्रदेश सरकार इस योजना को साकार करने के लिए कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आपदा प्रभावितों को 4,500 करोड़ रुपये का पैकेज देकर राहत पहुंचाने का कार्य किया है। आपदा के दौरान केंद्र सरकार से कोई भी राहत पैकेज नहीं मिल पाया है। केंद्र सरकार ने प्रदेश के साथ सौतेला व्यवहार किया है।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री व कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश चौधरी, नगर पंचायत की अध्यक्ष सविता गुप्ता, चमेलू देवी, निर्मला चौहान, महेश राज, पृथी सिंह नेगी, हरिओम शर्मा, एसडीएम करसोग नरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।