
पेड़ के नीचे दबने से एक व्यक्ति की मौत, पांच घायल
घायलों में दो के हालत नाजुक, पुलिस ने दर्ज किया केस
ख़बरनामा ब्यूरो
ऊना जिले के अम्ब के तहत सूरी में कटान के दौरान हादसा पेश आया। यहां पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पेड़ की चपेट में आने से 5 अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। घायलों में से दो की हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी मिली है कि कुंजू लाल, अनिल कुमार, बृज लाल, मनी राम, धनिया राम व मनोज कुमार जिला चम्बा सूरी में एक ठेकेदार के पास निजी जंगल में खैर के पेड़ काट रहे थे। कटान के दौरान एक पेड़ काटते वक्त पेड़ उन लोगों पर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से 6 लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। घटनास्थल से सभी घायलों को सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने 5 लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया।
गंभीर रूप से घायल कुंजू लाल की ऊना अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं अनिल कुमार व मनी राम की नाजुक हालत को देखते हुए डाॅक्टरों नें उन्हें डाॅ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज टांडा रैफर कर दिया। थाना प्रभारी अंब गौरव भारद्वाज ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही की जा रही है।