
एचआरटीसी के दिल्ली जाने वाले रूट सस्पेंड, चंडीगढ़ तक जाएंगी बसें
निगम ने यात्रियों को दी यह सलाह, यात्रा से पहले कर लें पूछताछ
ख़बरनामा : शिमला
संयुक्त किसान मोर्चा के दिल्ली कूच के आवाहन को देखते हुए एचआरटीसी के हिमाचल से दिल्ली जाने और दिल्ली से हिमाचल आने वाले सभी बस रूट सस्पेंड करने का फैसला लिया है। हिमाचल से दिल्ली सहित हरियाणा राज्य में जाने वाली बसें भी मात्र चंडीगढ़ तक ही जाएंगी।
संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा दिल्ली में प्रवेश के आवहन के मध्येनजर दिल्ली पुलिस द्वारा दिल्ली में आने जाने की सभी सीमाएं सील कर दी गई हैं जिस कारण कोई भी सार्वजनिक बस सेवा को 13 फरवरी को दिल्ली में प्रवेश करने की इजाजत नहीं दी जा रही है।
यात्रियों को रास्ते में जाम एवं दिल्ली की सीमाएं सील होने के कारण होने वाली असुविधा के कारण हिमाचल पथ परिवहन निगम द्वारा 13 फरवरी को दिल्ली जाने वाली सभी बस सेवाओं को चंडीगढ़ तक और दिल्ली से आने वाली बस सेवाओं को दिल्ली में ही प्रतिबंधित कर दिया गया है। प्राप्त सूचना के अनुसार पंजाब एवं चंडीगढ़ एवं हरियाणा राज्य की बसें भी चंडीगढ़ तक ही जाएंगी। इसके अलावा दिल्ली से कोई भी बस सेवा नहीं आएगी। हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर ने इस बारे में निर्देश जारी किए हैं।
हिमाचल पथ परिवहन निगम की ओर से यात्रियों को सलाह दी गई है कि चंडीगढ़ और दिल्ली के बीच में यात्रा करने से पहले नजदीकी बस अड्डे से सूचना प्राप्त करें। इसके अलावा हिमाचल पथ परिवहन निगम के शिमला कंट्रोल रूम के फोन नंबर 0177- 2658765, दिल्ली के फोन नंबर 011-23868694 एवं चंडीगढ़ के फोन नंबर 94633- 78026 पर संपर्क कर सकते हैं।